दिल्ली नगर निगम द्वारा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे, स्वच्छता अपनाओ, बीमारी भगाओ अभियान के अंतर्गत, नजफगढ़ ज़ोन में एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, इस अभियान की शुरुआत, श्याम विहार स्थित नजफगढ़ जोन की चेयरमैन श्रीमती सविता पवन शर्मा जी के कार्यालय से हुई, जिसमें स्थानीय नागरिकों, कॉलोनियों के प्रतिनिधियों और बच्चों ने इस जनजागरूकता मुहिम में उत्साहपूर्वक भाग लिया, साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति ने इस अभियान को और प्रभावशाली बनाया, नजफगढ़ ज़ोन के डी.सी. श्री संतोष कुमार राय, उप स्वास्थ्य अधिकारी डी. एच. ओ. डॉ. संतोष कुमार तोमर, डॉ. अंजलि सिंह और ए. एम. ओ. सतपाल सहरावत ने लोगों को स्वच्छता के महत्व, डेंगू- मलेरिया व चिकनगुनिया से बचाव और साफ-सफाई बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। अधिकारियों ने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया और अपील की कि वे जलजमाव न होने दें, कूलर व बर्तन खाली रखें और अपने आस-पास सफाई बनाए रखें। अभियान के अंतर्गत स्वच्छता को लेकर कई पोस्टर, पंपलेट और स्लोगन के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। चेयरमैन सविता पवन शर्मा जी ने कहा कि यह मुहिम सिर्फ निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हम सब मिलकर स्वच्छता को अपनाएं, तो कई बीमारियों से बचा जा सकता है। इस जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से दिल्ली नगर निगम ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वस्थ भारत की नींव, स्वच्छता में ही छिपी है।
