नई दिल्ली :- इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने दुनिया की पहली अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म “दुओन थिन यु” (प्रेम की सुरभि) की घोषणा की है, जो भारत और वियतनाम की सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित होगी।
यह घोषणा 24 जुलाई 2025 को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में की गई, जिसमें दोनों देशों के प्रमुख गणमान्य व्यक्ति, सांस्कृतिक प्रतिनिधि और कलाकार उपस्थित रहे। इनमें वियतनाम के वरिष्ठ कलाकार चुओंग वा थई और अुंगयेन ब्वांग ह्य विशेष रूप से शामिल हुए।
इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की प्रधान संपादक नीरजा रॉय चौधरी ने फिल्म निर्माण की घोषणा करते हुए बताया कि यह फिल्म दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों, कला, संगीत और धरोहरों को दर्शाएगी। इस अवसर पर नीति एवं विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, वियतनाम पुस्तक संघ के निदेशक डॉ. गुयेन होआंग थाम, वर्ल्ड रिकॉर्ड्स यूनियन (बल्गारिया) के महासचिव, प्रसिद्ध फिल्म कलाकार संविता कुलश्रेष्ठ, किशोरी शाहणे, नवनीत मिश्रा, गौरी कृष्णा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
यह फिल्म गार्डियन ऑफ हेरिटेज नामक पुस्तक से प्रेरित है, जो भारत और वियतनाम की सांस्कृतिक समृद्धि को साझा करती है। फिल्म की शूटिंग दोनों देशों के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक स्थलों पर की जाएगी। इसका प्री-प्रोडक्शन 19 जून 2025 से शुरू हो चुका है।
फिल्म 14 फरवरी 2026 को हिंदी और वियतनामी भाषा में रिलीज होगी, जिसे बाद में विश्वभर में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी जारी किया जाएगा। फिल्म को सांस्कृतिक संरक्षण और संगीत में उत्कृष्टता हेतु इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा होल्डर्स को भी आमंत्रित किया जाएगा।
