नोएडा संवाददाता: ‘प्रतीक विस्टीरिया सेक्टर-77 स्थित आवासीय परिसर में ‘टीम तीज फिएस्टा’ हरियाली तीज महोत्सव पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ मनाया गया। महिलाओं ने रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धज कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलों, फैशन शो और तीज कांटेस्ट में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तीज गीतों और समूह नृत्य से हुई, जिसने माहौल को जीवंत बना दिया टीम तीज फिएस्टा’ (स्मिता, रीना, दीपाली, चारु, आकांक्षा, रचिता, वर्षा आदि) द्वारा विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से त्योहार की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया।समारोह में नृत्य, खेल, फैशन शो और तीज प्रतियोगिताओं जैसी रंगारंग गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं की जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ मिलकर पारंपरिक लोकगीतों और नृत्य के माध्यम से तीज के पर्व को जीवंत कर दिया।
विशेष आकर्षण रहा फैशन डिजाइनर जया(चारु) श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत फैशन शो, जिसमें उनके डिज़ाइन किए गए परिधानों की सभी ने जमकर सराहना की। उनके कलेक्शन को कार्यक्रम में आए सभी लोगों ने खूब पसंद किया और तालियों से स्वागत किया।
यह आयोजन न केवल एक सांस्कृतिक मिलन रहा, बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण भी पेश किया। कार्यक्रम का सफल आयोजन कर टीम ‘तीज फिएस्टा’ ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब महिलाएं साथ आती हैं, तो हर आयोजन खास बन जाता है।