द्वारका दिल्ली | द्वारका सेक्टर-3 स्थित दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज के ऑडिटोरियम में फेडरेशन ऑफ सीजीएचएस द्वारका लिमिटेड की ओर से अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के अवसर पर एक विशेष पैनल डिस्कशन एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों और विभिन्न सोसाइटीज़ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के सहकारिता एवं समाज कल्याण मंत्री श्री रविंद्र इंद्राज सिंह मुख्य अतिथि रहे, जबकि पश्चिम दिल्ली की सांसद श्रीमती कमलजीत सेहरावत ने मुख्य वक्ता के रूप में सहकारिता की महत्ता और समाजिक विकास में इसकी भूमिका पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में पालम विधायक श्री कुलदीप सोलंकी, मटियाला विधायक श्री संदीप सेहरावत, द्वारका-ए वार्ड के पार्षद श्री राम निवास गहलोत, दिल्ली के सहकारिता रजिस्ट्रार श्री कृष्ण कुमार तथा दीन दयाल उपाध्याय कॉलेज के प्राचार्य प्रो. हेमचंद जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान “सहकारिता से समृद्धि” विषय पर पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने विचार-विमर्श किया। साथ ही, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटीज़ को सम्मानित भी किया गया। आयोजकों का कहना था कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, सहभागिता और साझा प्रगति की भावना को और प्रबल बनाते हैं।
