नई दिल्ली, पालम गांव । सम्मवाददाता- मोनिका । जिन समस्याओं का समाधान नगर निगम या जल बोर्ड को प्राथमिकता से करना चाहिए, अब उन्हीं समस्याओं को जनता स्वयं विभागों तक पहुँचाने को मजबूर है। द्वारका सेक्टर-7, पालम गांव स्थित सत्यनारायण मंदिर के समीप सड़क पर सीवर का ढक्कन लंबे समय से टूटा हुआ पड़ा है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार दुर्घटना का खतरा बनी हुई है।
इस समस्या की शिकायत कई बार दिल्ली जल बोर्ड के स्थानीय अधिकारियों को की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष व्याप्त है।
फेडरेशन ऑफ साउथ एंड वेस्ट डिस्ट्रिक्ट वेलफेयर फोरम के चेयरमैन एवं समाजसेवी रणबीर सिंह सोलंकी ने बताया कि “स्थानीय अधिकारियों को बार-बार शिकायत भेजी गई है, लेकिन किसी ने भी संज्ञान नहीं लिया। यदि इस खुले सीवर में गिरने से कोई दुर्घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी दिल्ली जल बोर्ड की होगी।”
सोलंकी ने बताया कि इस संदर्भ में उन्होंने जल बोर्ड के मुख्य अभियंता को लिखित शिकायत भेजी है और मांग की है कि संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया जाए कि उन्होंने अब तक इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सीवर का ढक्कन बदलवाने की अपील भी की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
