ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर | इरोस सम्पूर्णम सोसाइटी, सेक्टर 2 ग्रेटर नोएडा वेस्ट सोसाइटी में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी, जिसका मुख्य कारण अथॉरिटी का वह पंप था जिससे पानी सप्लाई होती है। दुर्भाग्य से सोसाइटी में मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभालने वाले फ़ैसिलिटी मैनेजर बाबिश ने कभी इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया और हर बार बात को टालते रहे।
इस लगातार बनी समस्या को समझते हुए तथा भविष्य में इसके स्थायी समाधान के लिए समर्पण वेलफेयर ट्रस्ट, जो समाज के विभिन्न मुद्दों पर कार्य करता है, के सदस्य श्रीमती सरिता तिवारी (जो सम्पूर्णम की निवासी भी हैं) और श्री चंद्रमणि भारद्वाज जी ने अथॉरिटी के संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया। उद्देश्य यह था कि—जब पंप खराब हो जाए तो सोसाइटी में पानी पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था (Plan B) कैसे बनाई जा सकती है।
अथॉरिटी के जल विभाग के JE से मुलाकात कर एक अतिरिक्त वॉल्व को पंप से कनेक्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अथॉरिटी की टीम की मदद से इस वॉल्व के लिए एक चैम्बर तैयार किया गया। अब भविष्य में यदि मुख्य पंप खराब हो जाता है, तो इस वॉल्व को खोलकर कुछ घंटों के लिए पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
हम अथॉरिटी के संबंधित अधिकारियों, जल विभाग के JE तथा पूरी टीम का हृदय से धन्यवाद करते हैं जिन्होंने इस समस्या को समझा और तुरंत इस पर कार्य किया।
अब आगे यह मेंटेनेंस टीम की जिम्मेदारी है कि पंप खराब होने की स्थिति में वे तुरंत अथॉरिटी को सूचित करें और Plan B के माध्यम से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें|
