नई दिल्ली, द्वारका || देश की राजधानी दिल्ली में इन दिनों एक ऐसी गाड़ी चर्चा में है, जो जहां भी पहुंचती है, लोगों की भीड़ अपने आप जुट जाती है। यह गाड़ी अब लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट बन चुकी है। इसकी वजह कोई महंगी मॉडिफिकेशन या लग्ज़री फीचर नहीं, बल्कि इसका बेहद ख़ास और अनोखा नंबर है — DDD 0 888।
वाहन का यह नंबर इतना यूनिक है कि लोग गाड़ी देखते ही उसे घेर लेते हैं और तस्वीरें लेने लगते हैं। दिल्ली-एनसीआर में यह नंबर तेजी से चर्चा का विषय बन चुका है और दावा किया जा रहा है कि यह देश का सबसे महंगा वाहन नंबर बन सकता है।
कुछ समय पहले हरियाणा में HR 88 B 8888 नंबर की 1.17 करोड़ रुपये तक बोली लगी थी, लेकिन अब उससे भी अधिक क्रेज DDD 0 888 के लिए दिख रहा है। इस नंबर की शुरुआती बोली 20 लाख रुपये से शुरू हुई थी, जो अब 70 लाख रुपये से ऊपर पहुंच चुकी है।
नंबर के मालिक का कहना है कि ऐसा अनोखा नंबर दुनिया में कहीं नहीं है, इसलिए वे इसे भारत का सबसे महंगा नंबर मानते हैं। उनका कहना है कि अगर बोली करोड़ रुपये तक पहुंचती है, तभी वे इसे किसी और को देने पर विचार करेंगे।
सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय लोगों तक, हर जगह DDD 0 888 की चर्चा है। यह गाड़ी सिर्फ सड़क पर चलने वाला वाहन नहीं, बल्कि दिल्ली की नई पहचान और लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुकी है|
