जेवर | 27 दिसम्बर 2025 (शनिवार) | आपका सहयोग फाउंडेशन की जेवर टीम द्वारा आज जेवर के प्राचीन श्री दुर्गे मंदिर प्रांगण में एक सराहनीय सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लोगों द्वारा घरों में पूजा के बाद पेड़ों के नीचे फेंकी गई पूजा सामग्री एवं खंडित मूर्तियों को फाउंडेशन की टीम ने एकत्र किया।
टीम ने फावड़ों से गड्ढा खोदकर पूजा सामग्री एवं खंडित मूर्तियों को विधिवत रूप से उसमें दबाया। इसके पश्चात आमजन को संदेश दिया गया कि पूजा सामग्री को जल प्रवाह में प्रवाहित करने के बजाय गड्ढा खोदकर पृथ्वी में दबाया जाए, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाया जा सके और जल स्वच्छता बनी रहे।
इस अभियान में आपका सहयोग फाउंडेशन के कई पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उपस्थित पदाधिकारियों में परवेंद्र गिरी (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष), योगी शर्मा (जिला अध्यक्ष, गौतम बुद्ध नगर), समीर खान (मीडिया प्रभारी, गौतम बुद्ध नगर), विपिन शर्मा, राजकुमार राघव, ज्ञानचंद शर्मा सहित अन्य समाजसेवी मौजूद रहे।
फाउंडेशन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी समझें और स्वच्छ जल एवं स्वच्छ पर्यावरण के लिए ऐसे प्रयासों में सहयोग करें।
