अलीगढ़। रिपोर्ट- आमिर खान | थाना रोरावर क्षेत्र के मोहल्ला शाहजमाल में दिनदहाड़े मकान के ताले तोड़कर चोरी की घटना सामने आई है। पड़ोसियों की सतर्कता से मामले की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
शाहजमाल निवासी सलमान खान 24 दिसंबर को अपनी पत्नी यास्मीन और दो बेटियों के साथ अजमेर शरीफ गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था, जबकि उनके पिता छोटे खां लाल मस्जिद क्षेत्र में रहते हैं।
रविवार शाम करीब छह बजे पड़ोस में रहने वाली बिलकिस पत्नी सौदान खां घर से बाहर निकलीं तो उन्होंने सलमान के मकान की ओर देखा। इस दौरान मकान का मुख्य ताला टूटा हुआ दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सलमान के पिता छोटे खां को दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे छोटे खां जब मकान के अंदर गए तो देखा कि कमरे का ताला और अलमारी का ताला भी टूटा पड़ा था। इसके बाद घटना की जानकारी थाना रोरावर पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
छोटे खां ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे सलमान को घटना की सूचना दे दी है। सलमान के घर लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितने रुपये व सामान की चोरी हुई है। उन्होंने बताया कि लिखित शिकायत भी सलमान द्वारा ही पुलिस को दी जाएगी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।