दिल्ली, द्वारका | रिपोर्ट — चरणसिंह सहरावत | द्वारका में पानी के कनेक्शन काटने पहुंची दिल्ली जल बोर्ड की टीम को स्थानीय निवासियों और ऑल द्वारका रेजिडेंट्स फेडरेशन कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा। 119 सोसायटियों को जारी नोटिस के तहत जब टीम प्लाज़ियो द कुंज विहार सोसायटी पहुंची, तो मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई।
ADRF सदस्यों ने सोसायटी प्रबंधन के साथ मिलकर जल बोर्ड अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों द्वारा कोई स्पष्ट जवाब न देने से लोगों में नाराजगी देखी गई। निवासियों का कहना है कि रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम वर्षों पहले सरकारी मंजूरी से लगाया गया था, जिसे अब नए डिजाइन में बदलने को कहा जा रहा है। इस पर प्रति सोसायटी 12 से 15 लाख रुपये खर्च आने का दावा किया गया है।
जल बोर्ड का तर्क है कि मामला अदालत में लंबित है और मौजूदा व्यवस्था से भूजल दूषित होने की आशंका है। वहीं ADRF ने चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं निकला तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
