अलीगढ़ | रिपोर्ट- आमिर खान | धनीपुर मंडी के सामने हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कुछ युवकों ने आपसी विवाद के चलते हवाई फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साई भीड़ ने फायरिंग करने वाले कुछ लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलते ही थाना गांधी पार्क की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपियों में से एक ने हवा में फायर कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोग और पुलिसकर्मी सहम गए। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के पास से एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
घटना की जांच में पुलिस सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है। धनीपुर मंडी और आसपास के इलाके के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जा सके। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।