कालकाजी, नई दिल्ली। दिनांक 11 जनवरी 2026 को कालकाजी पीपल्स फाउंडेशन के तत्वावधान में दक्षिण दिल्ली स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर, गली नं. 15 व 16, गुरू रविदास मार्ग, मेन रोड, गोविन्दपुरी, कालकाजी में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। हेल्थ चेकअप कैंप में क्षेत्र के 200 से अधिक स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत सहित देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों और संस्थानों से आए अनुभवी डॉक्टरों एवं विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। कैंप के दौरान हृदय रोग, हड्डी व जोड़ों के दर्द, नेत्र परीक्षण, दंत जांच, सामान्य चिकित्सा परामर्श, ब्लड प्रेशर, शुगर, सीबीसी, कोलेस्ट्रॉल सहित कई आवश्यक जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त लोगों को किडनी स्टोन, प्रोस्टेट, मूत्र संक्रमण, पोषण परामर्श एवं जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। स्वास्थ्य शिविर का सफल संचालन कालकाजी पीपल्स फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक श्री कपिल गर्ग ने किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री कपिल गर्ग ने बताया कि शिविर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर जरूरतमंद वर्ग को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही श्री गर्ग ने यह भी बताया कि “हमारा उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को समय पर जांच और सही परामर्श मिल सके, यही हमारी प्राथमिकता है।” साथ ही श्री गर्ग ने आये हुए सभी चिकित्सकों एवं क्षेत्र के सभी वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र पहनाकर उन सभी का स्वागत एवं अभिनन्दन भी किया। वहीं फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्षा एवं समाजसेविका श्रीमती कंचन गर्ग ने बताया कि “स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज की वास्तविक आवश्यकता हैं। आगे भी कालकाजी पीपल्स फाउंडेशन जनहित में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।” कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाजसेवी व मेडिकल परामर्शदाता श्री सुरेन्द्र सेठी की विशेष भूमिका रही।
इस शिविर की सफलता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर की सराहना करते हुए इसे कालकाजी क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर और जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें। स्थानीय निवासियों ने इस स्वास्थ्य शिविर की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कालकाजी पीपल्स फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की। स्वास्थ्य जांच शिविर का समापन भारत माता के जयघोष से किया गया।
