नई दिल्ली। रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गोविंदा द्वारका द्वारा आज गवर्मेंट को-एड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बामनौली गांव, नई दिल्ली में आयोजित वार्षिक समारोह के अवसर पर एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। क्लब द्वारा जरूरतमंद एवं पढ़ाई में होशियार कन्याओं को साइकिलों का वितरण किया गया, जिससे उनकी शिक्षा तक पहुंच और अधिक सुगम हो सके।
यह लगातार दूसरा वर्ष है जब रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गोविंदा द्वारका ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली योग्य छात्राओं को साइकिलें प्रदान की हैं। ये छात्राएं दूर-दराज़ से पैदल स्कूल आती थीं। यह साइकिलें रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रविंद्र गुगनानी के सहयोग से उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष डॉ. अनिल सेठी ने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण संदेश दिए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए तीन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए—पहला, माता-पिता से नियमित संवाद बनाए रखें; दूसरा, मोबाइल फोन से यथासंभव दूरी रखें; और तीसरा, पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी भाग लें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों पर ध्यान देने और उनसे निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।
विद्यालय के वार्षिक समारोह के अवसर पर बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें विभिन्न नृत्य शामिल रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक श्री कैलाश गहलोत रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कुल 13 साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल पाकर छात्राएं और उनके अभिभावक बेहद प्रसन्न नजर आए। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना दुग्गल ने रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गोविंदा द्वारका के सदस्यों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में क्लब की ओर से रोटेरियन एम. पी. गर्ग (चार्टर प्रेसिडेंट), रोटेरियन एस. पी. सिंह (पास्ट प्रेसिडेंट व इवेंट कोऑर्डिनेटर), रोटेरियन संजीव बिंदलिश (प्रेसिडेंट इलेक्ट), रोटेरियन राकेश कुमार गुप्ता (सचिव), रोटेरियन मोनिका मिगलानी, रोटेरियन डॉ. विनीत वर्मा, रोटेरियन एन. सी. मिश्रा, रोटेरियन डॉ. मुकेश कुमार अग्रवाल एवं रोटेरियन गौरव अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गोविंदा द्वारका समाज के गरीब, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। हाल ही में क्लब द्वारा एक दिव्यांग महिला को व्हीलचेयर तथा जरूरतमंदों को गर्म कंबलों का वितरण भी किया गया था।
— रोटेरियन राकेश कुमार गुप्ता
क्लब सचिव
रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गोविंदा द्वारका
