नई दिल्ली । मालवीय नगर अग्निकांड के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर नांगलोई जाट क्षेत्र के एसडीएम विक्रम सिंह के नेतृत्व में रोहिणी, पीरागढ़ी, उद्योग नगर और आसपास के इलाकों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
दिनभर चली इस कार्रवाई के दौरान बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जैसे-जैसे प्रशासनिक टीम विभिन्न प्रतिष्ठानों पर पहुंचती गई, संचालकों में हलचल बढ़ती गई। कई स्थानों पर दस्तावेजों और सुरक्षा इंतजामों की मौके पर ही जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान फायर एनओसी, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण, बेसमेंट के उपयोग और अन्य आवश्यक मानकों को परखा गया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर तीन बैंक्वेट हॉलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं एक रेस्टोरेंट को शो कॉज नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा रोहिणी स्थित सेवन सीज होटल में भी सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर प्रबंधन से जवाब तलब किया गया।
अभियान में एसडीएम विक्रम सिंह के साथ तहसीलदार बी.एस. मीणा, एमसीडी, के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का भौतिक सत्यापन किया और आवश्यक निर्देश भी दिए।
प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार लोगों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।