नोएडा, संवाददाता।
नोएडा के सेक्टर-18 स्थित रेडिसन ब्लू एमबीडी होटल में यशोदा मेडिसिटी द्वारा “10 Key Takeaways From ASCO 2026” विषय पर एक विशेष मेडिकल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य कैंसर उपचार से जुड़ी नवीनतम रिसर्च, आधुनिक तकनीकों और ASCO 2026 के प्रमुख निष्कर्षों से डॉक्टरों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों को अवगत कराना था।
कार्यक्रम का नेतृत्व यशोदा मेडिसिटी, इंदिरापुरम के वाइस चेयरमैन एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार सिंघल ने किया। वहीं कार्यक्रम के सह-निदेशक के रूप में वाइस चेयरमैन एवं रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. गगन उपस्थित रहे।
कॉन्फ्रेंस के दौरान विशेषज्ञों ने ASCO 2026 में प्रस्तुत महत्वपूर्ण शोध, कैंसर के आधुनिक उपचार, इम्यूनोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी तथा मरीजों की बेहतर देखभाल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही चिकित्सकों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान और नई चिकित्सा तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और ऐसी वैज्ञानिक कॉन्फ्रेंस डॉक्टरों को नवीनतम शोध एवं उपचार पद्धतियों से अपडेट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे मरीजों को विश्वस्तरीय, प्रभावी और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ऑन्कोलॉजिस्ट, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे और कैंसर उपचार के क्षेत्र में हो रहे वैश्विक बदलावों पर अपने विचार साझा किए।
