उत्तर प्रदेश

सुबह सुबह एन्‍काउंटर, डाक्टर के घर डकैती में एक और बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार

आगरा- सिकंदरा के केके नगर में डाक्टर के घर डकैती में शामिल एक और बदमाश से पुलिस की शनिवार तड़के मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने के बाद बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उससे एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। इससे पहले सात बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

केके नगर निवासी डा. रजनीकांत शर्मा फीरोजाबाद के खैरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात हैं। रविवार को उनके घर में मकान खरीदने के बहाने बदमाश आ गए। उन्होंने परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। घर में चार बदमाश घुसे थे। अन्य बदमाश घर के बाहर खड़े रहे। पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ में एक बदमाश को गिरफ्तार किया। इसके बाद छह अन्य बदमाश भी दबोच लिए। शनिवार तड़के पुलिस को सूचना मिली थी कि वारदात में शामिल रहे दो बदमाश फीरोजाबाद की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने एत्माद्दौला क्षेत्र में झरना नाले के पास बदमाशों की घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि फरार बदमाश की तलाश में दबिश दी जा रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में अब तक आठ बदमाश गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *