दिल्ली

दिल्ली में जून में अब तक का सबसे कम 17.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज

राजधानी दिल्ली में सोमवार देर रात हुई झमाझम बारिश के बाद मंगलवार सुबह मौसम सुहावना रहने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री कम 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो जून के महीने में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के डेटा के अनुसार, दिल्ली में पिछला सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो 17 जून, 2006 को दर्ज किया गया था। सोमवार देर रात 1 से 2 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से भारी बारिश और 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ीं, जिससे तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी। अगले दो घंटों के दौरान हरियाणा और राजस्थान के आसपास के क्षेत्रों में 30-50 किमी / घंटा की गति के साथ हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश आएगी और तेज हवाएं चलेंगी। आईएमडी के अधिकारियों ने कहा कि मौसम में आया ये बदलाव राजधानी में और उसके आसपास अस्थायी वायुमंडलीय घटनाओं का तत्काल परिणाम है। मौसम के बदलाव में जलवायु संकट की बड़ी भूमिका स्पष्ट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *