उत्तर प्रदेश

सलाद के लिए मर्डर

उत्तर प्रदेश के शामली में एक व्यक्ति ने सलाद न देने पर हुए मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी की फावड़े से हमलाकर हत्या कर दी। वह अपने बेटे को भी मौत की नींद सुलाना चाहता था लेकिन बेटे की किस्मत अच्छी थी कि वह बच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे पत्नी की हत्या का जरा भी मलाल नहीं था बल्कि उसे बेटे के बच जाने का अफसोस था।

बाबरी पुलिस ने 36 घंटे के अंदर पत्नी के हत्यारोपी मुरली को गिरफ्तार कर लिया। उसने फावड़े से हमला कर अपने 22 वर्षीय बेटे को भी घायल कर दिया था। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। सोमवार रात पत्नी सुदेश की फावड़े से हत्या करने तथा बेटे अजय को गंभीर रूप से घायल करने के बाद आरोपी मुरली फरार हो गया था।

बाबरी पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। सर्विलांस टीम भी आरोपी को पकड़ने में जुटी थी। टीम को आरोपी की लोकेशन भिक्का माजरा में मिली, लेकिन उसका मोबाइल कुछ समय बाद ही बंद गया। बुधवार दोपहर बाबरी थानाध्यक्ष नेमचंद सिंह को आरोपी के ग्राम भाज्जू में होने की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपी को भाज्जू बस स्टैंड गिरफ्तार कर लिया।

सुदेश पर फावड़े से किए चार वार

पत्नी का हत्यारोपी मुरली इस कदर गुस्से में था कि वह क्या कर रहा है उसे यह भी अंदाजा नहीं था। अपनी पत्नी सुदेश पर उसने फावड़े से चार वार किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के मुंह, छाती और हाथों पर चार गंभीर घाव होने की पुष्टि हुई है।

पत्नी की हत्या का मलाल नहीं, पुत्र के बचने का अफसोस

बाबरी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी मुरली जरा भी चिंतित या परेशान नजर नहीं आया। वह बेधड़क लोगों से बात कर रहा था। पुलिस को उसने बताया कि पत्नी और बेटा हमेशा उसे काम न करने का ताना देते रहते थे। इसे लेकर कई बार कहासुनी हुई।

सोमवार शाम को खाने के दौरान सलाद मांगने पर दोनों ने कहासुनी की। हाथापाई तक हुई जिसमें उसके कपड़े फट गए थे। इसके बाद उसने पत्नी और पुत्र की हत्या करने का इरादा कर लिया था। पत्नी सुदेश को तो उसने मार डाला, लेकिन अन्नू राणा के जागने के चलते वह पुत्र अजय की हत्या नहीं कर पाया। पुत्र के जिंदा बचने का उसे अफसोस है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *