breaking newsCITY EXPRESS NEWSHINDI NEWSJAIPURKOTPUTLIRAJASTHAN

अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया गया।

बिल्लूराम सैनी
कोटपुतली कस्बे के एलबीएस महाविद्यालय के हिंदी विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर डॉ सत्यवीर सिंह द्वारा हिंदी भाषा, साहित्य से संबंधित लिखित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान भारती ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान प्रमिला जाट ने प्राप्त किया तथा तृतीय स्थान पर मंजू, सरिता गुर्जर , निशा स्वामी, कोमल धानका और मोनिका प्रजापत ने संयुक्त रूप में प्राप्त किया।प्राचार्य डॉ उर्मिल महलावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि मातृभाषा में बातचीत करते समय हमें गर्व महसूस करना चाहिए। इसके लिए हमें अपने परिवेश के प्रति जागरूक रहना चाहिए। हम किसी भी भाषा में अध्ययन करें पर अपनी भाषा को कभी भूलना नहीं चाहिए। कार्यक्रम के संयोजक डॉ सत्यवीर सिंह ने मातृभाषा दिवस के इतिहास को बताते हुए उसके महत्व पर प्रकाश डाला। भारतेंदु ने कहा था कि निज भाषा उन्नति अहै सब उन्नति को मूल। अर्थात मातृभाषा के विकास से ही समाज और राष्ट्र का विकास संभव हो सकता है। हमें मातृभाषा के विकास तथा संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। मातृभाषा ही हमें अपनी माटी, अपने परिवार तथा अपने समाज और राष्ट्र से जोड़ सकती है। ज्ञान विज्ञान के अध्ययन के लिए भी अपनी भाषा को समृद्ध बनाया जाना चाहिए। हमें अपनी मातृभाषा से रागात्मक संबंध स्थापित करना चाहिए। डॉ सत्यवीर सिंह ने साहित्यिक गतिविधि समिति द्वारा पिछले एक साप्ताह से निरंतर आयोजित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पिछले सोमवार से आज मंगलवार तक सात कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। जिसमें आशु भाषण, स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता, वाद विवाद, सामान्य ज्ञान विज्ञान तथा समसामयिक विषयों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता तथा हिन्दी भाषा, साहित्य आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालय के छात्र, छात्राओं ने बहुत उत्साहित होकर भाग लिया। आज के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन डॉ सत्यवीर सिंह ने किया।