Advertisement

संपत्ति विवाद में छोटे भाई और दो भतीजों पर किया कुल्हाड़ी से हमला, पिता-पुत्र की हालत नाजुक

गाजियाबाद – रईसपुर गांव में गुरुवार की रात को संपत्ति विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई के घर में घुसकर छोटे भाई और दो मासूम भतीजों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात के वक्त पीड़ित सो रहे थे, इसलिए बचाव भी नहीं कर पाए और इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

चीख-पुकार मचने पर आस पड़ोस के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां परिवार के मुखिया और एक बच्चे की हालत चिंताजनक बनी हुई है। रईसपुर गांव मे रहने वाली शांति देवी ने पुलिस में शिकायत दी है।

बताया जाता है कि वह अपने छोटे बेटे रविंद्र सिंह (46) के साथ रहती हैं। रविंद्र खेती किसानी कर अपना जीवन यापन करता है। वहीं उनका बड़ा बेटा हरेंद्र सिंह भी पड़ोस में अपने परिवार के साथ रहता है। गुरुवार की देर रात हरेंद्र सिंह अपने बेटे सुमित के साथ कुल्हाड़ी व फरसा लेकर उनके घर में घुस आया। उस समय रविंद्र अपने दोनों बेटों के साथ सो रहा था। जहां सुमित ने रविंद्र का मोबाइल कब्जाने की कोशिश की।

रविंद्र ने विरोध किया तो हरेंद्र ने उसके ऊपर फरसे से वार कर दिया। इतने में सुमित ने रविंद्र के दोनों बेटों मयंक (10) और केशव (7) के ऊपर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे तीनों लहुलुहान हो गए। चीख पुकार मचने पर पास पड़ोस के लोग जाग गए और लोग जमा होने लगे। इतने में आरोपी मौका देखकर वहां से फरार हो गया।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची मधुबन बापूधाम कोतवाली पुलिस ने रविंद्र की मां की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि हरेंद्र और रविंद्र के बीच पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद था। दोनों में इसी मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। चूंकि इनकी मां छोटे बेटे रविंद्र के साथ रहती थी, इसको लेकर भी हरेंद्र काफी रंजिश रखता था और इसी रंजिश में गुरुवार की रात उसने रविंद्र और उसके दोनों बेटों की हत्या की कोशिश की।

पुलिस ने बताया कि इस वारदात में इस वारदात में रविंद्र पर फरसे के वार से गहरी चोटें आई हैं। इससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं रविंद्र के बड़े बेटे मयंक की हालत में भी अभी कोई सुधार नहीं हुआ है। जबकि छोटे बेटे केशव को हल्की चोट होने की वजह से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी है।

कविनगर क्षेत्राधिकारी अभय कुमार मिश्रा ने कहा, ‘गुरुवार मध्य रात्रि की वारदात है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। वहीं पीड़ित की मां की तहरीर पर दोनों के खिलाफ घर में घुसकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *