नई दिल्ली | देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जम्मू-कश्मीर पुलिस के वीर जवानों के शौर्य और त्याग पर आधारित फीचर फ़िल्म ‘तपोभूमि: आख़िरी सलाम’ का ऐलान राजधानी दिल्ली में किया गया। दिल्ली के श्रीराम ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान फ़िल्म से जुड़े निर्माताओं ने प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की।
निर्माताओं ने बताया कि यह फ़िल्म किसी काल्पनिक कहानी पर आधारित नहीं है, बल्कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से जुड़ी सच्ची घटनाओं और ज़मीनी हकीकत को पर्दे पर उतारेगी। फ़िल्म में आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष के दौरान जवानों की बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और उनके द्वारा किए गए व्यक्तिगत बलिदानों को वास्तविक और संवेदनशील रूप में दिखाया जाएगा।
फ़िल्म साउंड गियर प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई जा रही है। इसके प्रोड्यूसर विजय कुमार (T3S एंटरटेनमेंट) और एम. तस्लीम (वर्धन फ़िल्म प्रोडक्शंस) हैं। प्रोड्यूसर विजय कुमार ने कहा कि यह फ़िल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं, बल्कि शहीद पुलिस जवानों को समर्पित एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जिनके बलिदान से देश सुरक्षित है।
फ़िल्म का निर्देशन इम्तियाज़ भट्ट और विनय कुमार सिंह कर रहे हैं। फ़िल्म की शूटिंग अगले महीने शुरू होने की संभावना है। वहीं, स्टार कास्ट और शूटिंग शेड्यूल को लेकर आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की बात कही गई है।
निर्माताओं के अनुसार, इस फ़िल्म के माध्यम से दर्शकों को कश्मीर घाटी में शांति बनाए रखने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों द्वारा किए जा रहे संघर्ष और उनके परिवारों के त्याग को समझने का अवसर मिलेगा।