अलीगढ़ के इगलास में दर्दनाक सड़क हादसा! बाइक सवार 3 लोगों को ट्राला ने मारी टक्कर, 1 की मौत |

अलीगढ़ | आमिर खान | इगलास थाना क्षेत्र के बड़ा खुर्द में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों को एक ट्राला ने टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्राला में आग लगा दी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद ट्राला बाइक सवार एक व्यक्ति को करीब 300 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, आग की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ट्राला में लगी आग पर काबू पाया।
पुलिस ने हादसे में घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए हाथरस के बागला हॉस्पिटल में भर्ती कराया है।
वहीं, घटना के बाद हंगामा और उपद्रव करने के आरोप में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
मामले की जांच-पड़ताल में इलाका पुलिस जुटी हुई है। हादसे और उसके बाद हुए घटनाक्रम को लेकर सीओ इगलास कमलेश कुमार ने घटना की जानकारी दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ आगजनी एवं उपद्रव की घटना की भी जांच की जा रही है।
