8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप, नाबालिग हिरासत में I

अलीगढ़ | रिपोर्ट- आमिर खान | गंगीरी थाना क्षेत्र के मलसई गांव का मामला, टॉफी का लालच देकर वारदात को अंजाम देने का आरोप; पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी।
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गंगीरी थाना क्षेत्र के ग्राम मलसई में 8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में एक नाबालिग पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची को टॉफी का लालच देकर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को उपचार एवं मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में बच्ची की हालत सामान्य बताई गई है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी छर्रा गर्वित सिंह ने जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
