
योग शक्ति महोत्सव 2026 में योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त समाज का संदेश |
6 अक्टूबर 2026नई दिल्ली | रिपोर्ट :- मारीदास | अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ (ABYOGASMS Foundation) द्वारा आयोजित “योग शक्ति महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देशभर से योग, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा और जनजागरूकता से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। महोत्सव के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, शांत और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार मिश्रा ‘टेनी’ जी, पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, भारत सरकार रहे। वहीं समारोह में श्री सतीश गौतम जी, सांसद, अलीगढ़, राजर्षि वेदमूर्ति आचार्य पवनदत्त जी महाराज, स्वामी अमित देव जी, श्री राजेश डोंगरा जी आईपीएस, डॉ. भारती आचार्य, डॉ. रामनारायण मिश्रा जी रिसर्च ऑफिसर आयुष मंत्रालय भारत सरकार, श्री प्रदीप जैनी जी वास्तु बाबा जी, अमन चौधरी (क्वासी) अंतर्राष्ट्रीय वेट लिफ्टर समाज सेवी, श्री नवनीत दीक्षित जी सहित अनेक अतिविशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और जीवनशैली में संतुलन स्थापित करने वाली प्रभावी पद्धति है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। महोत्सव में योग शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने, युवाओं को योग से जोड़ने तथा योग के माध्यम से स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित योग शिक्षकों एवं साधकों ने भी योग को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ के संस्थापक एवं कार्यक्रम के आयोजक योग गुरु मंगेश त्रिवेदी ने सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महासंघ का उद्देश्य योग को केवल कक्षाओं और प्रशिक्षण तक सीमित रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक योग और उसके लाभों को पहुंचाना है। योग गुरु मंगेश त्रिवेदी ने कहा कि “योगी बनो, सहयोगी बनो, समाज के लिए उपयोगी बनो” का संदेश आज के समय में और भी प्रासंगिक है। योग के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को स्वस्थ रखने के साथ-साथ परिवार और समाज के लिए भी सकारात्मक भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, योग शिक्षकों, साधकों, सहयोगी संस्थाओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार जताया। योग शक्ति महोत्सव 2026 ने योग, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की नींव रख सकता है।

