स्याना में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन, युवाओं ने खेलों के माध्यम से दिया नशा मुक्त भारत का संदेश |

स्याना, बुलंदशहर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, बुलंदशहर द्वारा विकासखंड स्याना के बी.डी.एम. पब्लिक स्कूल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 2026-27’ कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमल सिंह तोमर (उपप्रधानाचार्य) एवं श्री मुकेश कुमार (युवा कल्याण विभाग) ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
कार्यक्रम का निर्देशन श्रीमती राशि मिश्रा (उपनिदेशक, माय भारत) के मार्गदर्शन में हुआ। कार्यक्रम का संचालन विपिन (माय भारत) ने किया तथा वॉलंटियर के रूप में कुमारी अरुणा रानी ने सहयोग किया। मंच संचालन श्री मुकेश कुमार (युवा कल्याण विभाग) ने किया तथा खेल गतिविधियों का अभ्यास एवं संचालन श्री कुलदीप कुमार (व्यायाम शिक्षक) द्वारा कराया गया।
प्रतियोगिता में विकासखंड स्याना के विभिन्न युवा क्लबों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, ब्लॉक स्टाफ तथा सैकड़ों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में खेलों के महत्व, शारीरिक फिटनेस एवं मानसिक स्वास्थ्य पर चर्चा की गई। युवाओं को बताया गया कि नशा न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
- 400 मीटर बालक दौड़: आशीष ने प्रथम तथा हर्ष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- 200 मीटर बालिका दौड़: सोनाक्षी प्रथम तथा कनिष्का द्वितीय स्थान पर रहीं।
- बैडमिंटन: फिजा एवं गार्गी के बीच मुकाबला हुआ।
- लंबी कूद: जतिन ने प्रथम तथा आशीष ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- वॉलीबॉल: बॉस हाउस की टीम प्रथम तथा टैगोर हाउस की टीम द्वितीय रही।
- रस्साकशी: बॉस हाउस की टीम विजेता रही।
कार्यक्रम के माध्यम से मेरा युवा भारत, बुलंदशहर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। साथ ही ‘मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी’ के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सचिन कुमार, राजकुमार (व्यायाम शिक्षक), अंकित कुमार (पत्रकार), डॉ. योगेंद्र, सुरेशचंद, संजीव नेताजी, अरविंद कुमार, कविता, दीपांशु, नरेश, निशांत, विजयलक्ष्मी, निशा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं युवा-युवतियां उपस्थित रहे।
