City Express News 24x7 — खबर देश की, भरोसा आपका

द्वारका में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा सीसीआरटी ग्राउंड |

29 अक्टूबर 2026
द्वारका में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ, देशभक्ति और भारतीय संस्कृति के रंग में रंगा सीसीआरटी ग्राउंड |

नई दिल्ली, द्वारका। स्वदेशी जागरण मंच एवं सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से सीसीआरटी ग्राउंड, द्वारका में स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार, हवन में आहुतियां अर्पित करने, पारंपरिक कलश यात्रा और राष्ट्रगान के साथ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महिलाओं द्वारा निकाली गई कलश यात्रा ने आयोजन को पारंपरिक और सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति और स्वदेशी संस्कृति का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में रविंद सोलंकी, योगेश सैनी, रामनिवास दहिया, नवीन गर्ग, नवीन शर्मा, रविंद्र अग्रवाल, टी.एस. सोढ़ी, बी.एन. दुबे, आंचला मनोचा सहित कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मेले में देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों, कारीगरों और उद्यमियों ने अपनी पारंपरिक कला, संस्कृति और स्वदेशी उत्पादों का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्टॉलों पर हस्तशिल्प, वस्त्र, पारंपरिक आभूषण, आयुर्वेदिक उत्पाद और स्वदेशी खाद्य पदार्थ आकर्षण का केंद्र बने। लोगों ने इन उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। वहीं, मंच पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मीडिया प्रभारी नीलेन्द्र पाठक ने बताया कि स्वदेशी मेले का मुख्य उद्देश्य देश में निर्मित स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करना तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और पारंपरिक कला से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

मेले में उमड़ी लोगों की भीड़ ने स्वदेशी उत्पादों और भारतीय संस्कृति के प्रति उत्साह को दर्शाया। यह आयोजन स्वदेशी अपनाने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने और भारतीय परंपराओं को संरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

WhatsAppकॉल करें