City Express News 24x7 — खबर देश की, भरोसा आपका

भारत मंडपम में गूंजा माँ यमुना संरक्षण का राष्ट्रीय संकल्प, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यमुना संरक्षण को बताया राष्ट्रीय जिम्मेदारी |

25 नवंबर 2026
भारत मंडपम में गूंजा माँ यमुना संरक्षण का राष्ट्रीय संकल्प, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यमुना संरक्षण को बताया राष्ट्रीय जिम्मेदारी |

नई दिल्ली, 22 नवंबर 2026। माँ यमुना जी की अविरलता, निर्मलता एवं स्वच्छता के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से यमुना परिवार काउंसिल द्वारा रविवार को भारत मंडपम, नई दिल्ली में भव्य राष्ट्रीय अभियान ’माँ यमुना जी का संरक्षण एवं जन-संकल्प’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरणविदों, युवाओं एवं यमुना भक्तों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का सफल संयोजन काउंसिल के निदेशक श्री कपिल गर्ग एवं यमुना महाआरती की सह-संयोजिका श्रीमती कंचन गर्ग ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला रहे। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (NGT) के चेयरमैन श्री प्रकाश श्रीवास्तव तथा यमुना परिवार काउंसिल के मुख्य संरक्षक पूज्य व परमार्थ निकेतन, ऋषिकेष के परमाध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज ‘मुनिजी’ का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ। प्रख्यात पत्रकार, न्यूज एंकर व प्रॉडकास्ट प्रजेंटर श्री शुभांकर मिश्रा, पंजाब केसरी अखबार की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा जी एवं प्रख्यात उद्योगपति व समाजसेवी श्री महेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता, भाजपा (आर्थिक मामले) श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला ने अपने संबोधन में कहा कि माँ यमुना केवल एक नदी नहीं, अपितु भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत हैं। गंगा और यमुना जैसी नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज को अपनी आध्यात्मिक संस्कृति के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हमें भारत की सनातन संस्कृति, उसके संस्कारों एवं विचारों को आगे बढ़ाना है, तो अपनी विरासत और नदियों विशेषकर माँ यमुना एवं माँ गंगा को स्वच्छ रखना होगा। इनका संरक्षण पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारी है। उन्होंने यमुना परिवार काउंसिल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था एक परिवार की तरह कार्य कर रही है और सभी के सामूहिक प्रयासों का उद्देश्य माँ यमुना को स्वच्छ रखना है। इस मौके पर लोकसभा अध्यक्ष द्वारा उपस्थित समस्त यमुना समूह को खड़े होकर यमुना संकल्प कराया गया व समर्पित 11 यमुना साधकों को राष्ट्रीय यमुना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि माँ यमुना हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की जीवनधारा हैं। जिस माँ की हम पूजा करते हैं, उनकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हमें स्वयं उठानी होगी। यमुना में गंदगी न डालना, प्लास्टिक के उपयोग को रोकना और नदी के प्राकृतिक प्रवाह को सुरक्षित रखना ही सच्ची यमुना सेवा है। पूज्य स्वामी जी ने कहा कि जिस प्रकार ऋषिकेश और वाराणसी में माँ गंगा की आरती होती है, उसी प्रकार उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भारत सरकार एवं दिल्ली सरकार के सहयोग से आने वाले समय में दिल्ली के यमुना तट पर भी भव्य यमुना आरती का आयोजन अवश्य होगा। कार्यक्रम में उपस्थित विशाल जनसमूह को देखते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े सभागार में आयोजन किया जाएगा, क्योंकि अनेक यमुना साधक सभागार के बाहर भी उपस्थित हैं।

यमुना परिवार काउंसिल के निदेशक श्री कपिल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज  ‘मुतिन जी’  संरक्षण एवं मार्गदर्शन में यमुना परिवार काउंसिल पिछले छह वर्षों से माँ यमुना जी की अविरलता, निर्मलता एवं स्वच्छता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा यमुना महाआरती, यमुना कथा, यमुना गौरव यात्रा, घाटों की स्वच्छता, श्रमदान, पौधारोपण, यमुना संवाद एवं जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को यमुना संरक्षण से जोड़ा जा रहा है। श्री गर्ग ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को ‘यमुना साधक’ बनाना और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल यमुना सौंपना है। यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए प्रदूषण नियंत्रण, सीवेज प्रबंधन, घाटों की सफाई और नदी के प्राकृतिक प्रवाह की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, संत-महात्माओं, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों व यमुना साधकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

आयोजन में यमुना परिवार काउंसिल के संरक्षक डॉ. एस. एस. अग्रवाल, प्रबुद्ध समाजसेवी व उद्योगपति श्री राकेश बिंदल, काउंसिल के सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष श्री सत्य भूषण जैन, प्रबुद्ध समाजसेविका श्रीमती रंजना गर्ग व कार्यक्रम संयोजक श्री आदर्श कुमार गेंद का योगदान सराहनीय रहा।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नमो नमः बैंड के संस्थापक गायक श्री विक्की उपाध्याय एवं इंडिया आइडल द्वारा सम्मानित भारत के युवा पेशेवर गायक श्री सत्यम उपाध्याय ने माँ यमुना जी की महिमा एवं भक्ति पर आधारित शानदार संगीतमय प्रस्तुतियों से उपस्थित यमुना समूह को भावविभोर करते हुए आनंदमय व मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन माँ यमुना जी की अविरलता, निर्मलता एवं स्वच्छता के सामूहिक जन-संकल्प के साथ हुआ। यमुना परिवार काउंसिल ने इस राष्ट्रीय अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने तथा देश के प्रत्येक नागरिक तक यमुना संरक्षण का संदेश पहुँचाने का संकल्प दोहराया।

!! जय माँ यमुने !!

WhatsAppकॉल करें