स्याना में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत संगोष्ठी, शपथ एवं योग गतिविधियों का आयोजन|

बुलंदशहर/स्याना । मेरा युवा भारत, बुलंदशहर, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में विकासखंड स्याना के श्रीमती दिलावरी देवी किसान कन्या पीजी कॉलेज, चिंगरावटी में ‘पड़ोस युवा संसद 2026-27’ कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्त भारत अभियान के तहत संगोष्ठी, शपथ ग्रहण एवं योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा योग, स्वस्थ जीवनशैली और सतत विकास के महत्व को समझाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार वैश्य एवं प्रतिष्ठित व्यक्ति श्री देवेंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित करके किया। नशा मुक्त भारत अभियान की मुख्य थीम *“नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत”* के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का निर्देशन माय भारत की उपनिदेशक श्रीमती राशि मिश्रा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन विपिन (माय भारत) एवं स्वयंसेविका कुमारी भावना ने किया, जबकि मंच संचालन मुकेश कुमार (युवा कल्याण विभाग) ने किया। योगाभ्यास आचार्य बागेश्वर सिंह के निर्देशन में कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर विकासखंड स्याना के विभिन्न युवा क्लबों, ब्लॉक स्टाफ, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित सैकड़ों नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशामुक्त जीवन अपनाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। योग गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया गया।
आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने योग के महत्व और नशे के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने से शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और अनुशासित जीवनशैली को बढ़ावा मिल सकता है। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने तथा पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और जिम्मेदार नागरिकता जैसे विषयों पर भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मेरा युवा भारत, बुलंदशहर की ओर से युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा गया कि योग केवल व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। युवाओं से “मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी” के संकल्प को साकार करने तथा योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में उपप्राचार्य अश्विनी शर्मा, डॉ. योगेंद्र, सुरेशचंद, संजीव नेताजी, अरविंद कुमार, कविता, गीता, अध्यापिका विजयलक्ष्मी एवं निशा सहित छात्राएं मुस्कान, अनामिका, भावना तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक भारत के निर्माण के संदेश के साथ हुआ।
